गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से मंगलवर की रात स्थानीय कलेक्टर घाट पर रामलीला के दौरान गंगा पूजन एवं दशावतार की झांकी का मंचन किया गया। इसको देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। हर-हर महादेव के साथ जय श्रीराम के उदघोष से गंगा घाट राममय हो गया।
लीला के दौरान श्रीराम लंका विजय प्राप्त करने के बाद महाराज विभीषण को लंका का राजपाट देकर पुष्पक विमान से लंकापति महाराज विभीषण, सुग्रीव, अंगद एवं हनुमान के साथ अयोध्या के लिए प्रस्थान करते हैं। श्रीराम अपने भक्तों को दशावतार के रूप में दर्शन देकर कृतार्थ करते हैं।
इन रूपों में विष्णु, राम, कृष्ण, कच्छप, मच्छ, बामन, नरसिंह, बाराह, परशुराम सहित दश रूपों में अवतार दिखता है। इस दृश्य को देखकर उपस्थित सैकड़ों नर-नारियां हर-हर महादेव और जय श्रीराम का जयघोष करने लगे। इसके पश्चात् रामलीला मंडली एवं चित्रकुट से आए कलाकारों ने भक्तिमय संगीत एवं नृत्य का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष दीनानाथ गुप्ता, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी बच्चा, उपमंत्री लवकुमार त्रिवेदी, कार्यवाहक प्रबंधक बीरेश राम वर्मा, उपप्रबंधक शिवपूजन तिवारी पहलवान, हिमांशु अग्रवाल, योगेश कुमार वर्मा, विश्वम्भर गुप्ता, श्रवण कुमार गुप्ता, रोहित अग्रवाल, वियज मोदनवाल आदि का सराहनीय सहयोग रहा।