गाजीपुर। अखिल भारतीय खेग्रामस एवं भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सवालों को लेकर सोमवार को तुलसीसागर स्थित कार्यालय से जुलूस निकाला। विभिन्न रास्तों से होते हुए जुलूस एसडीएम सदर कार्यालय के सामने सभा में तब्दील हो गया। इस अवसर पर हुई सभा में पार्टी के जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि योगी राज में चार महीने के कार्यकाल में दलितों की हत्या और उन पर सामंती उत्पीड़न की घटनाओं ने पूर्ववर्ती सरकारों के सारे रिकार्ड तोड़ दिया है। योगी सरकार के दलित विरोधी चेहरे को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। प्रदेश सरकार दावा कर रही हैै कि थानों में रिपोर्ट दर्ज हो रही हैै, इसलिए लग रहा है अपराध बढ़ रहा है लेकिन सच्चाई यह है कि दलितों की हत्या की घटना की थानों में रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हो रही है। अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। जिले और प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कारगर कदम उठाने की मांग की। खेग्रामस के जिला सचिव राजेश वनवासी ने कहा कि पुलिस वनवासियों का उत्पीड़न कर रही हैै। 12 सितंबर को भदौरा, 15 को करंडा, जमानिया, सैदपुर तथा 14 को जखनिया में आयोजित प्रदर्शन के माध्यम से तथा 18 को गाजीपुर में इन सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सभा के अंत में जिलाधिकारी और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा गया। इस अवसर पर नंदकिशोर बिंद, योगेंद्र भारती, विजय कुमार, लालबहादुर बागी, बुच्चीलाल, गोरख राजभर, विजयी वनवासी, बेचू वनवासी, राजेश एकलव्य तथा रामजन्म वनवासी ने विचार व्यक्त किया। संचालन मोती प्रधान ने किया।