गाजीपुर। राशनकार्डों के सत्यापन के कार्य में तेजी नहीं आ पा रही है। अभी तक साठ फीसदी से कुछ ज्यादा ही सत्यापन का कार्य हो चुका है। ऐसे में निर्धारित अवधि में सत्यापन का कार्य पूरा होना मुश्किल दिखाई दे रहा है। हालांकि उच्चाधिकारियों की ओर से संबंधित को 31 जुलाई तक सत्यापन का कार्य पूरा कर लेने का निर्देश दिया गया है।
सरकारी गल्ले की दूकान से अनाज वितरण के लिए शहरी क्षेत्र में आधार कार्ड की अनिवार्यता लागू की गई है। तमाम लोगों का आधार कार्ड लिंक न होने के कारण उनको राशन नहीं मिल पा रहा है, ऐसे उपभोक्ताओं के लिए कोटेदारों को निर्देश दे दिए गए हैं। जिनके कार्ड आधार से लिंक नहीं हैं, उनसे 23 से 28 के बीच कोई न कोई आईडी लेकर जिलाधिकारी की ओर से नामित टीम की उपस्थिति में अनाज का वितरण किया जाएगा। यह व्यवस्था सिर्फ इस माह के लिए है। अगले माह से आधार शत-प्रतिशत अनिवार्य होगा। उधर राशनकार्डों के सत्यापन का कार्य जोर नहीं पकड़ पा रहा है। अब तक साठ प्रतिशत से कुछ ज्यादा ही सत्यापन का कार्य हो सका है, जबकि 31 जुलाई तक इसे पूरा करने की समय सीमा तय की गई है। उच्चाधिकारियों की ओर से इसे निर्धारित अवधि में पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश तो दिया गया है लेकिन इसका तय समय में पूरा होना मुश्किल दिखाई दे रहा है। हालांकि विभाग की ओर से 31 तक सत्यापन का कार्य पूरा कर लेने का दावा किया जा रहा है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि निर्धारित समय में सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।