औड़िहार/खानपुर(गाजीपुर)। वाराणसी मंडल के आयुक्त दीपक अग्रवाल ने सोमवार को सैदपुर नगर समेत आधा दर्जन बूथों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में हकीकत की पड़ताल की। इस बीच कुछ मतदान केंद्रों पर व्यवस्था ठीक न होने, साफ-सफाई की स्थित दयनीय होने पर उनकी त्योरी चढ़ गई। उन्होंने औड़िहार एवं सैदपुर में मतदान केंद्र के लिए बनाए गए बूथ कक्ष का कमरा बदलने तथा शौचालय एवं कमरे की सफाई ठीक रखने की हिदायत दी।
मंडलायुक्त ने बूथों का सघन निरीक्षण कर उन्हें सुविधा युक्त बनाए जाने पर बल दिया। बूथ वाले विद्यालय के प्रभारियों को इस मामले में उदासीनता बरतने पर कार्रवाई के लिए भी चेताया। मंडलायुक्त ने क्षेत्र के शादीभादी, गोपालपुर, औड़िहार, सैदपुर प्रथम, मिर्जापुर, बासूपुर, पियरी स्थित बूथों का निरीक्षण किया। शादीभादी बूथ पर ऊबड़-खाबड़ परिसर देख सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों से खाने के बारे में पूछताछ की। संतोषजनक जवाब मिलने के बाद पानी की सुविधा नदारद देख उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया। मंडलायुक्त उस समय हैरान रह गए जब वहां मौजूद ग्रामीण महिलाएं चुनाव की तिथि नहीं बता पाई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए सभी चुनावी बूथों पर छाया की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। शीतल जल का समुचित प्रबंध भी रखा जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया, एसडीएम डॉ. वेदप्रकाश मिश्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामबहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह, थानाध्यक्ष खानपुर जितेंद्र मिश्र, लेखपाल संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सहित संबंधित क्षेत्रों के लेखपाल उपस्थित थे।