जमानिया। नगर के डाकघर में गुरुवार को अपने खाते से पैसा न निकाल पाने पर खाताधारकों ने जम कर हो-हल्ला किया। इससे डाकघर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बाद में कर्मचारियों ने समझा-बुझा कर किसी तरह से ग्राहकों को शांत किया।
खाताधारकों के मुताबिक एक सप्ताह से डाकघर में रुपये की कमी बता कर बाद में आने के लिए कहा जा रहा है। अगले दिन आने के बाद फिर वही समस्या बताई जा रही है। लगातार दौड़ लगाने के बाद भी धन न मिलने पर गुरुवार को संजू देवी पत्नी संतोष निवासी धनौता का सब्र टूट गया। महिला के पति संतोष ने इसकी सूचना भाजपा के स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक कमल निगम और जिला पंचायत प्रतिनिधि धनंजय मौर्य को दी। इस पर नेताओं ने डाकघर पहुंच कर पोस्टमास्टर से बात की। उन्होंने कैश न होने की बात बताई। इसके बाद डाक अधीक्षक से वार्ता किया और तत्काल डाकघर में रुपये उपलब्ध कराने की मांग की। घंटों बाद किसी तरह महिला को रुपये मिले। पोस्टमास्टर धर्मदेव ने बताया कि दो दिन हड़ताल के चलते कैश नहीं आया।