दुल्लहपुर(गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के छपरी गांव के पास नहर के कीचड़ में गुरुवार को सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
छपरी गांव के पास नहर में ग्रामीणों ने कीचड़ से सना एक शव देखा। जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस वहां पहुंची और लोगों की सहायता से शव को बाहर निलवाया। काफी प्रयास के बाद उसकी शिनाख्त शादियाबाद थाने के गहरपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र यादव (50) वर्ष के रूप में किया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिवार के लोगों को दी। सूचना मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक गांव के बगल स्थित मंदिर पर रहता था। तीन दिन पूर्व शाम को वह मंदिर के पास स्थित नहर की पुलिया पर बैठा था। इसी बीच अचानक वह नहर में गिर गया आवाज सुन कर लोग मौके की तरफ गए, लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया। काफी देर तक उसे लोगों ने खोजने की कोशिश की एक दिन तक हरिश्चंद्र का पता नहीं चलने पर परिजनों ने शादियाबाद थाने में उसके गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस मामले में पुलिस ने बताया कि नहर में पानी के रास्ते बहते हुए शव छपरी गांव तक आया है। इस प्रकरण की छानबीन की जा रही है।