बहरियाबाद(गाजीपुर)। स्थानीय जलनिगम की टंकी का मोटर जलने से करीब आधा दर्जन गांवों में एक पखवारे से जलापूर्ति ठप हो गई। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब दस हजार से अधिक आबादी वाले कस्बा सहित चकफरीद, हुसैनपुर उमरबशीर, चकसुल्तान, कबीरपुर सहित अन्य गांवों को जलनिगम की पानी टंकी से पेयजल की आपूर्ति होती है। लेकिन पिछले एक पखवारे से इस टंकी का मोटर जल जाने से पेयजल आपूर्ति बाधित है। जानकारी के बाद भी अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं। लोग पानी के लिए बाल्टी लेकर इधर-उधर भटक रहे हैं। गांव के सचिन श्रीवास्तव, चंद्रकांत कुशवाहा, विनोद कुमार, शोभनाथ मौर्या आदि ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया है। जेई जलनिगम सिकंदर पटेल ने बताया कि बजट के अभाव में मोटर नहीं बदला जा सका है। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। बहुत जल्द पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। ्