सुहवल(गाजीपुर)। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव के पास रविवार की देर शाम परिवार के साथ छठ पूजा के लिए वेदी बनाकर लौट रही एक बालिका कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में मृतका के चाचा ने दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उतरौली गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह की पुत्री छात्रा अंजू (12) शाम को अपनी मां कंचन देवी एवं अन्य परिजनों के साथ गांव के उत्तर तरफ स्थित नहर के पास छठ पूजन के लिए मंगल गीत गाते वेदी बनाने के लिए पहुंची थी। वेदी बनाने के बाद पूजन-अर्चन के बाद पुन: घर लौट रही थी। इसी दौरान करीब पांच बजे फुटबाल स्टेडियम के पास मारुति चलाना सीख रहे गांव के ही दो युवक अपना संतुलन खो बैठे और बालिका को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद युवक वाहन सहित मौके से फरार हो गए। जानकारी होते ही पुलिस के साथ ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायल अंजू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर ले गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक छात्रा के चाचा कमलेश सिंह ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया कि लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।