मुहम्मदाबाद। नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद की तरफ से गुरुवार को डीपीएम पूजा दुबे के नेतृत्व में पालीथिन के खिलाफ अभियान चलाकर प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग कर रहे छह दुकानदारों का चालान किया गया। इस दौरान चार दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया।
नगर पालिका परिषद क्षेत्र में धड़ल्ले से प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग जारी रहने की शिकायत के बाद डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर (डीपीएम) पूजा दुबे के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद की तरफ से पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान में शामिल अधिकारी पालिका कार्यालय से तहसील तिराहा, सदर रोड, चौक, कोट मुहल्ला होते हुए शाहनिंदा तक गए। इस दौरान प्रतिबंधित पालीथिन का प्रयोग करते पाये गए छह दुकानदारों का चालान किया गया। चार दुकानदारों से एक-एक हजार कुल चार हजार जुर्माना वसूल किया गया। इस अभियान के औचित्य पर सवाल खड़ा करते हुए लोगों ने कहा कि अधिकारी पॉलिथीन का प्रयोग रोकने के प्रति गंभीर नहीं हैं। सिर्फ खानापूर्ति में लगे हैं। तहसील के गेट पर एवं नगर पालिका गेट पर धड़ल्ले से प्रतिबंधित काली पॉलिथीन का प्रयोग फल विक्रेता कर रहे हैं और अधिकारी उसी रास्ते से पूरे दिन आते-जाते रहते हैं। अभियान के लिये गुरुवार के दिन का चुनाव किया गया जिस दिन साप्ताहिक बंदी के चलते दुकानें बंद थीं। साथ ही जिस क्षेत्र में अधिकारी गए उस सड़क पर बंदी के दिन शत प्रतिशत दुकानें बंद रहती हैं। अभियान मे अधिशासी अधिकारी श्रीचंद, कार्यालय अधीक्षक दिनेश बर्मा, संतोष, राजकुमार आदि शामिल थे।