दिलदारनगर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव में बीते दिनों हुई महिला की हत्या के मामले में पूर्व में दर्ज अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा को पुलिस ने तीसरे दिन सोमवार को बदल दिया। अब गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। फरार हत्यारोपी की तलाश जारी है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले के खुलासे का ग्रामीणों को बेसब्री से इंतजार है। पुलिस दावा कर रही है कि बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
बीते शनिवार की दोपहर थाने के भरवालिया निवासी लक्ष्मीना देवी (40) की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना को उस समय अंजाम दिया गया था, जब वह घर के पास स्थित डेरे पर स्नान कर रही थी। घटना के बाद हमलावर वहां से फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। साथ ही मृतका के बड़े पुत्र सुरेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने पहले अज्ञात हमलावर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया था। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।हर कोई यह जानना चाहता है कि लक्ष्मीना का कातिल कौन है ? उसकी हत्या किन कारणों से की गई है ? उसे मौत की घाट किसने सुलाया ? लोग दबी जुबान से इस बात की भी चर्चा कर रहे हैं कि कातिल आसपास का ही रहने वाला है। उधर सोमवार को पुलिस ने छानबीन के बाद अज्ञात मुकदमे को एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद कर दिया है। इस मामले में क्षेत्राधिकारी जमानिया आरबी सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में अज्ञात मुकदमे को गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद दर्ज कर लिया गया है।