गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोराबाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के पास स्थित एक पीएसी के जवान के बंद मकान को शुक्रवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर खंगाला। इस दौरान करीब तीन लाख नकदी सहित छह लाख के जेवरात उठा ले गए। सूचना पर मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच की। पीड़ित ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी।
गोराबाजार निवासी मो. असलम रामनगर पीएसी में आरक्षी के पद पर तैनात है। उनकी माता नाजिया बेगम घर पर ही रहती हैं। दो दिन पहले वह पुत्री के साथ वाराणसी दवा कराने गई थीं। मकान में ताला बंद था। शुक्रवार की रात चोर घर के दरवाजा का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद कमरे में रखी आलमारी और बक्सा का ताला तोड़कर उसमें रखा करीब सात लाख के जेवरात और करीब तीन लाख नगद उठा ले गए। शनिवार की दोपहर वाराणसी से उपचार कराकर नाजिया बेगम वापस लौटीं। घर के मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गई तो देखा कि कमरे के दरवाजा का ताला टूटा हुआ था। कमरे में गई तो बिखरे सामानों को देख उनके होश उड़ गए। आलमारी और बक्सा टूटा था। चोरी की जानकारी होते ही पास-पड़ोस के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और गहनता से जांच किया। पीड़ित ने चोरी की तहरीर दी। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।