सेवराई(गाजीपुर)। स्वीकृति मिलने के आठ माह बाद भी मार्ग निर्माण नहीं होने से नाराज बरेजी गांव के ग्रामीणों ने रविवार को आधी-अधूरी सड़क के बीच खड़े होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दिया कि अगर जल्द कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को धार दी जाएगी।
तहसील क्षेत्र के बरेजी सड़क से गांव के बीचोबीच होते हुए पंप कैनाल तक जाने वाले घकरीब पांच सौ मीटर लंबे मार्ग को सीसी किए जाने की स्वीकृति मिली थी। इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हुआ तो लोगों में हर्ष व्याप्त था। काम शुरू तो हुआ लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद भी अभी तक केवल नाला का कार्य कराया जा सका है। सड़क पर सीसी निर्माण के लिए प्रधान की ओर से बनवाए गए खड़ंजे को भी उखड़वा दिया गया है। बरसात होने पर हालत और भी दयनीय हो जा रही है। रात के समय इस मार्ग पर चलना भी दूभर हो गया है। इस समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को सरकार तथा कार्यदायी संस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराया जाय। लोगों ने कहा कि अब तक सड़क का निर्माण न होने की वजह से जहां लोगों को आवागमन करने में परेशानी हो रही हैं वही खड़ंजा उखड़ जाने से आए दिन लोग गिर कर चोटिल भी हो जा रहे हैं। लोगों ने चेताया कि अगर बरसात से पहले जल्द सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन तेज करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर लालबहादुर चौधरी, ध्रुव उपाध्याय, अच्छेलाल, राजू, बृजभूषण उपाध्याय, बलिराम, सुधीर, मुर्तजा, संदेश यादव आदि उपस्थित थे। इस बाबत भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि सड़क का कार्य चल रहा है कुछ बिषम परिस्थितियों के कारण कार्य रुका था। जल्द ही सड़क निर्माण पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।