गाजीपुर। अपनी मांगों के समर्थन में लेखपाल संघ की ओर से शनिवार को तहसील मुख्यालय पर कार्य बहिष्कार करते हुए धरना प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि हमारी सभी मांगे जायज हैं तथा इसे पूरा होने तक आंदोलन चलता रहेगा।
धरना सभा को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष उदय प्रताप यादव ने कहा कि हमारी वेतन विसंगतियों को दूर करना अति आवश्यक है। काम के अनुरूप लाभ नहीं मिलता जिससे असंतोष व्याप्त हो जाता है। भत्तों में बढ़ोतरी होनी चाहिए। मंत्री रमेश राम ने भी समस्याओं के निराकरण की मांग करते हुए कहा कि लेखपालों का काम बढ़ता जा रहा है। फाइल और अभिलेख का भार बढ़ता ही जा रहा है। हालत यह हो जाती है कि कम से कम 15 से 20 किलो तक का वजन ढोना पड़ता है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि लेखपालों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एकता में बड़ी शक्ति होती है। एकजुट हो कर हम अपने अधिकार की लड़ाई लड़ेंगे। इस मौके पर राम लखन राम, विजय कुमार, ओंकार लाल श्रीवास्तव, अनिल चौबे, प्रहलाद यादव, प्रदीप श्रीवास्तव, महामुनि चौरसिया, शशिकांत आदि ने विचार व्यक्त किया।