बिरनो (गाजीपुर)। हंसराजपुर से वेद बिहारी पोखरा तक 22 किमी सड़क के बीच बने गड्ढे को भरने के लिए लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की ओर से 28 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। शासन की ओर से प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद हिचकोले समाप्त हो जाएंगे। भड़सर से लेकर वेद बिहारी पोखरा तक 13 किमी की दूरी तय करने में लोगों को काफी समय लग जाता है। वजह अविसहन, पृथ्वीपुर और बिहरा के पास तीन से चार फीट के गड्ढे दुर्घटना के पर्याय बन चुके हैं।
प्रतिदिन ट्रक और छोटे वाहनों के गड्ढे में फंसने से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। रात के समय दो पहिया वाहन चालकों का गड्ढे में गिरकर चुटिहल होनी आम बात हो चुकी है। जबकि मार्ग का मरम्मतीकरण एक वर्ष पहले कराया गया था। लेकिन तीन से चार माह में ही मार्ग पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो गई। बिहरा गांव निवासी नन्हे खां और घनश्याम सिंह ने बताया कि जिले के किसी प्रतिनिधि और संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा मार्ग की स्थिति पर ध्यान नहीं देने से क्षेत्रीय लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि सड़क को चौड़ीकरण और मरम्मतीकरण के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। शासन की ओर से प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद मार्ग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।