शादियाबाद (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सुरहुरपुर जोलहटा गांव में शनिवार की देर शाम एक युवक का शव कमरे की छत में लगी कुंडी के सहारे रस्सी के फंदे से झूलता मिला। घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लटका हुआ था। दुर्गंध आने से ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जोलहटा गांव के ग्रामीण देर शाम खाना खाकर सोए हुए थे। मृत युवक के मकान के बाहर से काफी दुर्गंध आ रही थी। धीरे-धीरे ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे के मुख्य द्वार पर लगे ताले को तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सब आवाक रह गए। कमरे में गातंव निवासी श्रीपत राम के पुत्र विजय कुमार 27 का शव छत की कुंडी में लगे रस्सी के फंदे से लटक रहा था। मृत युवक का शव काफी सड़ चुका था। पुलिस ने शव को नीचे उतार कर कब्जे में ले लिया और इसकी जानकारी मायके गई मृतक की पत्नी को दिया। थाना अध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।