गाजीपुर। प्रदेश के मुख्य सचिव राजीव कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग कर राशन कार्डों के सत्यापन के संबंध में जानकारी हासिल की। उन्होंने उप स्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राशन कार्डों का सत्यापन जल्द से जल्द शत-प्रतिशत पूरा कराएं। इसमें किसी प्रकार की कोताही अक्षम्य होगी।
जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग में उन्होंने जिले में राशन कार्डों के बाबत पूछताछ की। कहा कि आधार कार्ड को राशन कार्ड से लिकं कराने का कार्य भी प्राथमिकता के साथ किया जाए। इस कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराया जाना है। पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई के संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि जिन जिलों में पेट्रोल पंपों में खामियां पाई गई हैं उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। उचित दर की निरस्त दूकानों की जगह जल्द से जल्द नई दूकानों के चयन की कार्रवाई पूर्ण कर ली जाए। मुख्य सचिव के साथ प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद निवेदिता शुक्ल वर्मा, खाद्य रसद आयुक्त अजय चौहान मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी चंद्रविजय सिंह एवं जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी, डीपीओ, एडीओ पंचायत, डीपीआरओ, सभी सीडीपीओ संग बैठक की। इसमें उन्होंने राशन कार्डों के सत्यापन का कार्य दस दिन के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। हिदायत दिया कि इसमें ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।