गाजीपुर। गर्मी की शुरुआत होते ही बिजली रानी का नखरा भी शुरु हो गया है। फाल्ट होने की घटनाएं बढ़ने लगी है। इसी क्रम में शनिवार की शाम प्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र पर केबिल बाक्स ब्लास्ट होने से उपकेंद्र से संबंधित नगर की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी में पसीना पोछते हुए लोग अब-तब बत्ती आने का इंतजार करते रहे।
मालूम हो कि प्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र पर स्थित पांच फीडरों से लालदरवाजा, लंका, स्टेशन, बड़ीबाग कालोनी, शास्त्रीनगर, मालगोदाम रोड, सकलेनाबाद, तिलकनगर कालोनी, महुआबाग, आमघाट, ओपियम फैक्ट्री, कचहरी, सिद्धेश्वरनगर, रायगंज सहित ग्रामीण क्षेत्रों के दर्जनों गांव में व िद्युत आपर्ति होती है। शनिवार की शाम करीब पांच बजे लालदरवाजा फीडर का केबिल बाक्स ब्लास्ट हो गया। इससे सभी फीडरों की लाइन बंद हो गई। ड्यूटी पर तैनात एसएसओ अिरिंद ने इसकी जानकारी जेई अविनाश कुमार के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही जेई उपकेंद्र पर पहुंच गए और फाल्ट को दुरुस्त कराने में जुट गए। इधर बिजली कटते ही गर्मी की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई। लोग पसीना पोछते हुए यह आस लगाए हुए अब-तब बिजली के आने का इतंजार करने लगे कि शायद कहीं मामूली फाल्ट हुआ होगा। जब घंटों बाद बिजली का दर्शन नहीं हुआ तो लोगों की परेशानी और बढ़ गई। बैट्री डिस्चार्ज होने पर तमाम लोगों के इंवर्टर बंद हो गए। जिनके पास अधिकारियों या विद्युत उपकेंद्र का मोबाइल नंबर था, वह फोन मिलाकर लाइन के संबंध में जानकारी लेने में जुट गए। तमाम लोग उपकेंद्र पर पहुंच गए। रात सवा आठ बजे तक बिजली का दर्शन नहीं हुआ था और लोग परेशानियों के बीच उसके आने का इंतजार करते रहे। इस संबंध में जेई अविनाश कुमार बताया कि शाम को करीब पांच बजकर 10 मिनट पर लालदरवाजा फीडर का केबिल बाक्स ब्लास्ट हो गया। इसकी वजह से सभी फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। फाल्ट को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। काम पूरा होते ही आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।