भीमापार(गाजीपुर)। सादात ब्लाक की दो बालिका खिलाड़ी खेलो इंडिया में अपना जौहर दिखाएंगी। जगदीशपुर गांव निवासी बृजेश सिंह की पुत्री आकांक्षा सिंह एवं मंगारी गांव के ग्राम प्रधान संजय सिंह की पुत्री तृप्ति सिंह ने उत्तर प्रदेश की बास्केटबाल टीम में खेलो इंडिया के लिए चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है।
आकांक्षा वर्ष 2018 में छत्तीसगढ़ प्रदेश की तरफ से खेलो इंडिया में खेल चुकी हैं। उस समय वह छत्तीसगढ़ में ही पढ़ाई करती थीं। अब कक्षा 11 की छात्रा आकांक्षा आगरा कैंटूमेंट स्कूल से पढ़ाई कर रही है। इस बार वह अपने गृह प्रदेश के लिए खेलेंगी। बास्केटबाल की होनहार खिलाड़ी आकांक्षा की टीम में आलराउंडर के रूप में पहचान है। वह सब जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में दो बार स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुकी हैं। दोनों बालिका खिलाड़ियों ने एक माह पहले खेलो इंडिया के लिए आवेदन करने के लिए लखनऊ में हुए ट्रायल में हिस्सा लिया था। वहां चयनित होने के बाद खेलो इंडिया के लिए आवेदन किया था। दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल पर दो दिन पहले उत्तर प्रदेश की बास्केटबाल टीम में खेलो इंडिया के लिए इनके चयन का मैसेज आया। इस बात का पता चलते ही दोनों के घरवाले खुशी से झूम उठे। 14 जनवरी से महाराष्ट्र के पुणे में होने वाली खेलो इंडिया की बास्केटबाल प्रतियोगिता में जिले की यह दोनों होनहार उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।