कासिमाबाद(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर निवासी एक किसान काफी नीचे लटके हाईटेंशन तार की जद में आकर सोमवार को गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बूढ़नपुर गांव निवासी रामाश्रय प्रजापति (45) दिन में अपने खेत से धान का बीज सर पर लेकर रोपाई के लिए आ रहा था। इसी दौरान करीब एक बजे रास्ते में महरौड़ विद्युत उपकेंद्र से बूढ़नपुर गांव में आ रहा हाईटेंशन तार, जो काफी नीचे लटका हुआ था, से उसका हाथ सट गया, जिससे करेंट लगने से वह झुलसकर गिर पड़ा। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर जैसे ही रामाश्रय पर पड़ी, वह मौके की तरफ से दौड़ पड़े। लोगों तत्काल दुर्घटना की सूचना रामाश्रय के परिवार वालों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। दुर्घटना को लेकर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष था। ग्रामीणों का आरोप था कि नीचे लटके हाईटेंशन लाइन के तार को ऊपर कराने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। बावजूद इसके ध्यान नहीं दिया गया। यदि इस तार की वजह से कोई बड़ा हादसा होता है तो उसका जिम्मेदार बिजली विभाग होगा। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तार से ऊपर कराने की मांग की है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।