भांवरकोल(गाजीपुर)। क्षेत्र के जोगापुर गांव में बुधवार की सुबह खेत की जुताई के दौरान एक बालक रोटावेटर की जद में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए वाराणसी जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर बालक का अंतिम संस्कार कर दिया।
बेलसड़ी निवासी नंदू यादव का पुत्र अंकित कुमार (10) अपने गांव से सात किलोमीटर दूर जोगापुर गांव में तीन दिन पहले अपने नानी के घर गया था। बुधवार की सुबह नानी के घर के पास एक खेत की रोटावेटर से जुताई हो रही थी। अंकित वहां पहुंचा और चल रहे ट्रैक्टर पर सवार होने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे गिरकर रोटावेटर की जद में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिवार के लोग आनन-फानन में घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लाए। नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां पर भी चिकित्सकों ने जवाब देते हुए वाराणसी के लिए भेज दिया। जाते समय रास्ते में सिधौना के पास बालक की मौत हो गई। परिवार के लोग जैसे ही शव लेकर घर पहुंचे, कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर बालक का अंतिम संस्कार कर दिया। अंकित दो भाईयों में छोटा था। मां-पिता सहित अंकित का भाई रो-रोक कर बेहाल था। इस दुर्घटना से गांववासियों में शोक की चादर तन गई।