सैदपुर(गाजीपुर)। गंगा नदी पर स्थित रामकरन सेतु पर चंदौली प्रशासन की ओर से मंगलवार को गार्डर लगाकर पुल से बड़े वाहनों के आने-जाने पर अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह रोक लगा दी गई। पुल से बड़े वाहनों के आने-जाने पर पूरी तरह रोक लग जाने से स्थानीय नगर के लोगों और पुलिस दोनों ने चैन की सांस ली। अब स्थानीय नगर में ट्रकों के कारण लगने वाले दिन रात के जाम से लोगों को लगभग पूरी तरह से निजात मिल सकेगी।
यह जानकारी देते हुए स्थानीय कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज राकेशचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चंदौली जिला मुख्यालय से पुल तक आने वाले लगभग 30 किलोमीटर मार्ग के आगामी कुछ दिनों में चौड़ी करण का कार्य शुरू होने के कारण चंदौली प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। जब तक चंदौली जिला स्थित उक्त मार्ग का चौड़ीकरण कार्य पूरा नहीं हो जाता पुल पर न तो चंदौली जिले की ओर से बड़े वाहन आएंगे और न ही सैदपुर से पुल पर कोई बड़ा वाहन जाएगा। इस दौरान पुल पर सिर्फ चंदौली जिला स्थित गंगा नदी के किनारे हो रहे बालू खनन के ट्रक ही उक्त पुल से आ-जा सकेंगे। अब पुल पर सिर्फ छोटे यात्री और ढुलाई वाहन चल सकेंगे। बताया इससे सैदपुर नगर और उसके आसपास के मार्गों पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही पूरे दिन जाम में ही उलझी रहने वाली पुलिस फोर्स को भी इससे राहत मिलेगी।