सेवराई (गाजीपुर)। क्षेत्र के कामाख्या विद्यापीठ इंटर कालेज का 28वां वार्षिकोत्सव एवं स्थापना दिवस रविवार को समारोहपूर्वक धूमधाम से मनाया गया। इसमें विद्यालय के छात्रों की ओर से प्रस्तुत एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम देख लोग मोहित हो गए।
समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह में मुख्य अतिथि रामगोविंद चौधरी ने कहा कि अखिलेश की सरकार आएगी तो ऐसे तरीके से शिक्षामित्रों को पुन: शिक्षक बनाया जाएगा की उन्हें कोई न हटा सके। किसानों की कर्जमाफी के नाम पर अन्नदाताओं से बहुत बड़ा मजाक किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिमन्यू सिंह ने सभी अथितियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय के छात्रों ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, डांडिया नृत्य, देश भक्ति गीत, दहेज प्रथा गीत, कव्वाली आदि प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मुग्ध कर दिया। कक्षा 12 की छात्रा नेहा खरवार ने मनमोहक नृत्य पेश कर लोगों की वाहवाही लूटी। इसी कक्षा की निरुपमा सिंह ने भरतनाट्यम पेश कर लोगों की तालियां बटोरी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एकांकी ने लोगों को सोचने पर विवश कर दिया। विशिष्ट अतिथि उपभोक्ता फोरम वाराणसी के अध्यक्ष जगदीश्वर सिंह ने कहा कि विद्यालय नींव है देश के भविष्य का। अगर बच्चों की नींव मजबूत हो जाए तो बच्चे आगे चलकर नाम रोशन करते हैं। विशिष्ट अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष डा. नन्हकू यादव, प्रबंधक कामेश्वर, सानंद सिंह, राजेश कुशवाहा, रामप्रताप सिंह, तारकेश्वर यादव, दुर्गा चौरसिया, हेराम सिंह, पुटुर सिंह, प्रमोद यादव, नितेश सिंह, रमाशंकर कुशवाहा, रितेश सिंह, विजय यादव, मुन्नन यादव, बच्चा यादव, तबरेज, रंजन कुमार, रासबिहारी, इकराम अंसारी, पूजा, प्रियंका, पूर्व मंत्री प्रतिनिधि मन्नू सिंह आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता सपा विधानसभा अध्यक्ष रणजीत यादव और संचालन कुसुमलता ने किया।