सुहवल (गाजीपुर)। विभिन्न मांगों को लेकर प्रधान संघ ने शुक्रवार को रेवतीपुर ब्लाक मुख्यालय पर तालाबंदी कर हुंकार भरी। इस मौके पर प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष एवं मेदिनीपुर के ग्राम प्रधान दीपक सिंह ने बीते दिनों नगसर मीर राय के ग्राम प्रधान सलाउद्दीन अंसारी के साथ दबंगों की तरफ से की गई अभद्रता एवं दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की। कहा कि प्रधानों के अधिकार में दखलंदाजी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का समय से भुगतान न होने से मनरेगा मजदूरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ के महामंत्री अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानों पर अत्याचार किसी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगा। पूर्व प्रमुख एवं सुहवल के प्रधान प्रतिनिधि अनिल राय बच्चन ने कहा कि प्रस्तावित कार्य योजनाओं के विलंब से मंजूर होने पर विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। संघ के उपाध्यक्ष राकेश राय ने कहा कि प्रधानों के अधिकार क्षेत्र में किसी तरह का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधान संघ की तालाबंदी एवं धरना-प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बीडीओ को संघ ने ज्ञापन सौंपा। इस पर उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। प्रधानों ने चेतावनी दिया कि अगर समय रहते मांग पूरा नहीं हुई तो संघ आंदोलन तेज करने को बाध्य होगा। दिन में साढ़े तीन बजे तक धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी जारी थी। इस मौके पर उपेंद्र कुमार शर्मा, लालबहाहुर सिंह, लालचंद बिंद, लल्लू राय, मनोज यादव, अजय सिंह, राम सिंह यादव, अनूप चौधरी, भुआल यादव, लालमन यादव, मोती यादव, रविंद्र यादव, पवन खरवार, अक्षय कुमार, रामचंद्र यादव, मुन्ना राम, दर्शन यादव, रामप्रवेश, बेचू राम, रिंकू सिंह, धर्मेंद्र, राजाराम, रामदयाल राजभर आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता दर्शन यादव पहलवान एवं संचालन अरविंद कुमार सिंह ने किया।