गाजीपुर। शहर के अंदर गर्मी में राहगीरों व स्थानीय लोगों को शुद्ध पेयजल निशुल्क मिलेगा। शहर में 33 लाख से 11 स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। इससे 50 हजार लोग लाभान्वित होंगे। शहर में आसपास के ग्रामीण इलाकों के करीब 50 हजार लोग बाजार, बैंक, स्वास्थ्य व अन्य कार्यों से आते हैं। इनमें रौजा, फुल्लनपुर, बबेड़ी, बुजुर्गा, मिश्रवलिया, बिंदवलिया, कैथवलिया, गाजीपुर घाट, बवाड़े, खालिसपुर, कालूपुर, मेदनीपुर, सुहवल, आलमपट्टी, शेखपुर आदि इलाके शामिल हैं।
आने वाले लोगों में गरीब तबके के लोग भी शामिल होते हैं। चिलचिलाती धूप में शुद्ध ठंडे पेयजल के लिए जेब ढीली करनी पड़ती है। लेकिन, नगर पालिका की कवायद से ऐसे लोगों को सहूलियत मिलेगी। वहीं टेंडर की प्रक्रिया पूरी करके नगर पालिका प्रशासन वाटर कूलर लगवाने की कवायद में जुट चुकी है।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे वाटर कूलर
गाजीपुर। शहर के महुआबाग, विकास भवन चौराहा, झुन्नूलाल चौराहा, गांधी पार्क, गोईजीतर, रेलवे स्टेशन, मुस्तफाबाद, टाउनहाल, शास्त्री नगर आदि जगहों पर नगर पालिका की ओर से वाटर कूलर लगाने के कार्य किए जाएंगे।
गर्मी में राहगीरों को शुद्ध, ठंडा व निशुल्क पेयजल मिल सके। इसके लिए तैयारी चल रही है। शहर के नए स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। - डीके राय, ईओ नगर पालिका