जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आग लगने से करीब सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। साथ ही अज्ञात कारणों से लगी आग से 11 रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के शेरमठ गांव निवासी लालता देवी की गेहूं की फसल शार्ट सर्किट से जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। जखनिया संवाददाता के अनुसार भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के दामोदरपुर गांव के सिवान में हाईटेंशन तार से निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लगने से गेेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना में दामोदरपुर गांव निवासी देवनारायण यादव, सुरेश यादव, खेमपुर गांव के रामअवध पांडेय, रिंकू पांडेय की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंच गए।
सेवराई-गहमर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के कामाख्या धाम गहमर गंगा बाईपास मार्ग पर स्थित ललित ब्रह्न बाबा के पास मकरधन राजभर की रिहायशी झोपड़ी में अज्ञात करणों से आग लग गई। अगलगी की घटना में झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। बहादुरगंज संवाददाता के अनुसार संदिग्ध कारणों से प्रधान साहनी की पांच, त्रिलोकी साहनी की दो, जितेंद्र की दो और पारस की एक झोपड़ी जलकर राख हो गई। झोपड़ी में रखा घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।