जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर की ओर से गठित की गई दो सदस्यीय पर्यवेक्षकों की टीम पहुंची। पर्यवेक्षकों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया गया लेकिन कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली। जबकि सुबह की पाली में बीए प्रथम वर्ष हिंदी की परीक्षा में स्वामी सहजानंद महाविद्यालय की आंतरिक उड़ाका दल ने दो परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की परीक्षा में गुरुवार को सुबह की पाली में बीए प्रथम वर्ष हिंदी तथा द्वितीय पाली में बीए तृतीय वर्ष राजनीति शास्त्र प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। परीक्षा की शुचिता के लिए विश्वविद्यालय ने अलग-अलग जिलों के लिए उड़ाका दल गठित किए हैं वहीं परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था तथा उड़ाका दल की ओर से की जाने वाली कार्रवाई की सत्यता और गुणवत्ता जानने के लिए वीसी ने दो सदस्यीय पर्यवेक्षकों की टीम भी बनाई है। गुरुवार को पर्यवेक्षकों की टीम में शामिल डा. सुनील सोनकर तथा डा. राम नारायण गाजीपुर पहुंचे।
उन्होंने प्रथम पाली में सैदपुर, नंदगंज क्षेत्र में आठ परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया । द्वितीय पाली में पर्यवेक्षकों ने शहर स्थित स्वामी सहजानंद महाविद्यालय, पीजी कालेज तथा महिला विद्यालय की परीक्षा व्यवस्था की जांच की। पर्यवेक्षकों ने बताया कि जांच के दौरान कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली। परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई है। वहीं स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के प्राचार्य डा. शशिकांत राय ने बताया कि महाविद्यालय की आंतरिक उड़ाका दल की ओर से सुबह की पाली में दो परीक्षार्थियों को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया।