गाजीपुर। शहर के सात वार्डों में जलनिकासी व्यवस्था सुधारने और बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने के लिए नगर पालिका परिषद ने करीब 2.21 करोड़ रुपये से 11 विकास कार्य कराने की तैयारी की है। इसके लिए पालिका प्रशासन ने ई-टेंडर जारी कर दिए हैं। नगर पालिका के ईओ डीके राय ने बताया कि नगर के सात वार्डों में कराए जाने वाले 11 विकास कार्य केंद्रीय वित्त आयोग की धनराशि से कराए जाएंगे। प्रस्तावित कार्यों में आरसीसी ढक्कनयुक्त नाला निर्माण, नालियों पर पटिया लगाने, नाले की दीवार निर्माण और नलकूप भवन निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। ये कार्य वार्ड नंबर 3, 6, 10, 11, 12, 21 और 22 के विभिन्न मोहल्लों में कराए जाएंगे।
ईओ ने बताया कि सबसे बड़ा कार्य बौराहा से पीरनगर तक आरसीसी ढक्कनयुक्त नाला निर्माण का है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 38.60 लाख रुपये रखी गई है। इसके अलावा शास्त्रीनगर, कचहरी, सगतकला, तुलसी सागर, मुगलपुरा और मोराबाजार क्षेत्रों में भी नाला और नाली निर्माण होगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद संबंधित वार्डों की करीब 40 से 50 हजार आबादी को जलभराव और गंदे पानी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बरसात के मौसम में जलनिकासी की समस्या से जूझने वाले इलाकों को इसका लाभ मिलेगा।