नगर पालिका परिषद जमानिया के वार्ड संख्या एक के सदस्य पद की खाली सीट पर उपचुनाव में बुधवार को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में छह उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 1056 मतदाता करेंगे।
मंगलवार को मतदान पार्टी संबंधित बूथ पर मतदान सामग्री लेकर पहुंच गई। नगर पालिका परिषद जमानिया के वार्ड संख्या-एक के सदस्य पद की रिक्त सीट के लिए निर्वाचन आयोग की तरफ से बीते सितंबर महीने में उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया था।
इसके तहत 19 से 29 सितंबर तक नामांकन का कार्य हुआ। इस दौरान छह प्रत्याशियों की तरफ से पर्चा दाखिल किया गया था। 30 को नामांकन पत्रों की जांच और 3 अक्टूबर को नाम वापसी का कार्य संपन्न हुआ।
चुनावी घमासान में छह उम्मीदवारों आसिम, एहसान अली, खुर्शीद आलम, जैनुद्दीन, रामजी राम, विकास यादव के भाग्य का फैसला 1056 मतदाता करेंगे। इसके लिए प्राथमिक पाठशाला हरपुर को मतदान केंद्र बनाया गया है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानीय) गुणराज ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारी पूरा कर ली गई है। 17 को मतों की गणना तहसील मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से होगी।