जाम में 10 घंटे तक थमी रही वाहनों की रफ्तार
समय से लोग नहीं पहुंच सके गंतव्य तक
जाम में परीक्षार्थी भी रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
सुहवल। जमानिया-सैय्यदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग 24/97 पर आए दिन जाम लगने की वजह से आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार की देर रात सदर कोतवाली क्षेत्र के सुखदेवपुर चौराहा के पास बालू लदे एक ट्रक का गुल्ला टूट गया, जिससे वह सड़क के बीचो-बीच खड़ा हो गया। फिर क्या था, एक के बाद अन्य वाहनों की रफ्तार रुक गई और भीषण जाम लग गया। सुबह होते ही आवागमन का दबाव और बढ़ने पर जाम और भी विकराल हो गया। परीक्षार्थियों के साथ ही अन्य लोग जाम में हांफते रहे। 10 घंटे बाद आवागमन सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
जमानिया-सैय्यदराजा राष्ट्रीय राजमार्ग 24/97 की पहचान अब जाम मार्ग के रूप में होने लगी है, क्योंकि इस मार्ग पर आए दिन जाम की वजह से वाहनों के पहिये की कौन कहे, लोगों के पैर भी थम रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार की रात करीब 12 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के सुखदेवपुर चौराहा के पास जमानिया से बालू लेकर गाजीपुर की तरफ आ रहा एक ट्रक का गुल्ला टूट गया, जिससे वह सड़क के बीचो-बीच खड़ा हो गया। फिर क्या था, एक के बाद एक अन्य वाहनों की रफ्तार रुकने लगी। कुछ ही देर में दोनों तरफ ट्रकों की लंबी लाइन लग गई। सुबह होते ही मार्ग पर आवागमन का दबाव बढ़ने से जाम और भी विकराल हो गया। जाम में छोटे-बड़े वाहनों के साथ ही बाइक सवारों सहित पैदल आवागमन करने वाले फंसे रहे। आलम यह था कि वाहनों की कौन कहे, पैदल भी निकल पाना लोगों के लिए संभव नहीं हो पा रहा है। जाम में तमाम परीक्षार्थी भी फंसे थे, वे किसी तरह जद्दोजहद करते हुए निकले। समय से परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंच सके। पुलिस कर्मी आवागमन सुचारु कराने में जुटे रहे। सुबह 10 बजे खराब ट्रक की मरम्मत होने पर उसके आगे बढ़ने पर आवागमन सुचारु हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली। वाहनों की इतनी लंबी लाइन लगी थी कि जाम खुलने के बाद भी काफी देर तक आवागमन में अवरोध बना रहा।