जमानिया। स्थानीय तहसील प्रशासन द्वारा जिलाधिकारी के आदेश पर कृषि हित तथा पर्यावरण की रक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम के तहत पेंटिंग प्रतियोगिता कराने के लिए चिन्हित स्थान नगर के सेंट्रल पब्लिक स्कूल का कृषि विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में कुल लगभग 60 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान एवं 98 लाख हेक्टेयर में गेहूं की खेती की जाती है। विगत कुछ वर्षों से कृषक मजदूर की कमी तथा विशेषकर धान एवं गेहूं की कम्बाइन से कटाई ष्ठ मड़ाई किए जाने के कारण अधिकांश क्षेत्रों में कृषक द्वारा अवशेषों को जलाया जा रहा है। इससे वायु प्रदूषण के साथ मिट्टी के पोषक तत्वों की अत्यधिक कमी के साथ मिट्टी के भौतिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसको ध्यान में रखकर जिलाधिकारी के आदेश पर कृषि हित तथा पर्यावरण की रक्षा के लिए जागरूकता कार्यक्रम के तहत पेंटिंग प्रतियोगिता नगर के सेंट्रल पब्लिक स्कूल में कराई जानी है। इसका थीम %फसल अवशेष न जलाए जाना% रखा गया है, जिसमें क्षेत्र में संचालित प्राइवेट एवं सरकारी स्कूलों के कक्षा-9 से 12 तक के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। कहा कि प्रतियोगिता में तहसील स्तर पर प्रथम तीन पेंटिंग को चयनित किया जाएगा और चयनित पेंटिंग को तहसील से 2 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा, जिसमें 10 सर्वोत्तम पेंटिंग का चुनाव होना है। शनिवार को कृषि विभाग की टीम ने सेंट्रल पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया और होने वाली प्रतियोगिता के स्थल रूम आदि की व्यवस्था का जायजा लिया।