गाजीपुर। अब आधार कार्ड बनाना और आसान होगा। लोग इसे अब डाकघरों से भी बनवा सकेंगे। इसके लिए जिले के डाकघरों में आधार पंजीकरण केंद्र को संचालित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। आधार के लिए जिले में कुल 23 डाकघरों का चयन किया गया है, जबकि पूरे वाराणसी परिक्षेत्र 137 डाकघर चयनित किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से वाराणसी पूर्व में 27, पश्चिम में 35, जौनपुर के 28 और बलिया के 24 डाकघरों में आधार पंजीकरण केंद्र खुलेंगे। जनपद सहित सभी जिले के डाकघरों में आधार किट के इंस्टालेशन का कार्य जोरों पर चल रहा है। इसके बाद लोगों को इन केंद्रों से आधार नामांकन और नवीनीकरण सेवा मिलनी शुरू हो जाएगी। नयी सुविधा बहाल होने से जनपदवासी काफी खुश हैं, क्योंकि अब आधार के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
केंद्र तथा प्रदेश सरकार ने आधार कार्ड को हर क्षेत्र में अनिवार्य कर दिया है। इस कारण आधार कार्ड का महत्व काफी बढ़ गया है। बहुत से लोगों की तरफ से जहां आधार कार्ड बनवाया जा चुका है, वहीं अभी भी कई लोग इस कार्ड से वंचित हैं। इसके अलावा बहुतों के कार्ड में अब भी त्रुटियां हैं। विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों में इसे अनिवार्य कर दिए जाने से इसे बनवाने के लिए आधार वाले केंद्रों पर आए दिन लोग पहुंच रहे हैं। कई केंद्रों पर भीड़ होने की वजह से लोगों को असुविधा का भी सामना करना पड़ रहा है। लोगों की इसी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए सरकार डाकघरों में स्थायी आधार पंजीकरण केंद्र खोल रही है। इसके तहत गाजीपुर के 23 डाकघर सहित वाराणसी परिक्षेत्र के 137 डाकघरों का चयन किया गया है। इन केंद्रों पर आधार नामांकन के साथ ही नवीनीकरण सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिए इन डाकघरों में आधार किट के इंस्टालेशन का कार्य चल रहा है। इस संबंध में डाक अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि डाकघरों में किट इंस्टाल करने का काम किया जा रहा है। अब तक 16 डाकघरों में इंस्टालेशन का कार्य कर लिया गया है। तीन डाकघरों में कुछ कार्ड के करेक्शन का काम किया गया है। शेष में इस सप्ताह कार्य पूरा हो जाने की उन्होंने उम्मीद जताई।