सादात(गाजीपुर)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर स्थानीय समता इंटर कालेज परिसर में बुधवार को योग का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शामिल लोगों ने योग प्रशिक्षक हरिश्चंद्र के निर्देशन में योगाभ्यास करते हुए शरीर को स्वस्थ रखने की कला सीखी।
प्रशिक्षक हरिश्चंद्र ने कपालभाति, भ्रामरी, अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, वज्रासन, भद्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शवासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सबसे उत्तम साधन योग है। प्रत्येक व्यक्ति योग करके अपने शरीर को निरोगी बना सकता है। नोडल एवं खंड विकास अधिकारी धनंजय सिंह, संयोजक प्रिंसिपल डा. उमेश कुमार सिंह ने कल होने वाले योग कार्यक्रम की तैयारी की लोगों के साथ समीक्षा की। इस अवसर पर राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव सहित कई शिक्षक-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, रोवर्स-रेंजर्स, स्काउट-गाइड आदि उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य डा. उमेश सिंह ने बताया कि 21 जून को योग शिविर सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगा।