गाजीपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत अब निर्वाचन आयोग की ओर से सौ वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का सत्यापन कराया जाएगा। इसके लिए आयोग की तरफ से विवरण उपलब्ध कराया गया है।
लोकसभा का चुनाव अगले वर्ष प्रस्तावित है। वर्ष 2019 में होने वाले इस चुनाव को लेकर जहां राजनीतिक दलों में कशमकश दिखाई देने लगी है, वहीं निर्वाचन आयोग की सक्रियता भी बढ़ गई है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) की ओर से घर-घर सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। पहली सितंबर से 31 अक्तूबर तक दावे और आपत्ति दाखिल करने की अवधि निर्धारित की गई है। दावे-आपत्तियों का निस्तारण 10 नवंबर तक कर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2019 को किया जाएगा। अब आयोग 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का सत्यापन करा रहा है। इसके लिए उसने 80 वर्ष से अधिक के मतदाताओं का पृथक-पृथक विवरण उपलब्ध कराया है। आयोग की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में 80 वर्ष से ऊपर के 50625 मतदाता हैं, जबकि सौ वर्ष से अधिक के मतदाताओं की संख्या 867 है। अस्सी वर्ष से अधिक के सबसे ज्यादा मतदाता मुहम्मदाबाद एवं जमानिया में सौ वर्ष से ऊपर के सर्वाधिक मतदाता हैं। सौ वर्ष से अधिक के मतदाताओं में जखनिया में 152, सैदपुर में 87, गाजीपुर 89, जंगीपुर 139, जहूराबाद 104, मुहम्मदाबाद 115 एवं जमानिया में 181 मतदाता हैं। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सत्यापन से संबंधित रिपोर्ट 25 जून से पहले आयोग को उपलब्ध कराया जाना है।