गाजीपुर। रौजा से टेढ़वा होते हो नवाबगंज जाने वाले मार्ग पर गुरूबाग के पास नाली जाम होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे जहां आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं पानी लगने की वजह से सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है। पानी से दुर्गंध आने से लोगों को संक्रामक बीमारियों का भय सता रहा है।
रौजा से टेढ़वा होते हुए एमएएच इंटर कालेज, तुलसिया का पुल, नवागंज होते ही श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर 24 घंटा आवागमन का दबाव बना रहता है। गुरूबाग के पास सड़क किनारे स्थित नाली कूड़ा-कचरा से पटने की वजह से जाम हो गई है। इससे पानी निकासी अवरुद्ध हो गया है। एक तरफ जहां सड़क पर पानी बह रहा है, वहीं अक्लपुरा जाने वाली गली में पानी लगा हुआ है। हर समय पानी लगने से सड़क क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में तब्दील हो गया है। गड्ढे में नाली का पानी भरा हुआ है। तेज रफ्तार वाहन सवार जैसे ही पानी भरे गड्ढे के पास पहुंच रहे हैं, अचानक वाहनों का ब्रेक लगा दे रहे हैं। इससे अनियंत्रित होने पर या तो गिरते-गिरते बच रहे हैं या फिर गिर कर घायल हो जा रहे हैं। वहीं कई वाहन सवार तेज रफ्तार में पानी के बीच से वाहन को निकाल रहे हैं, जिससे गंदे पानी का छींटा पैदल आवागमन करने वालों पर पड़ रहा है। इससे उनके कपड़े खराब हो जा रहे हैं। बारिश होने पर स्थिति और भी नारकीय हो जा रही है। पूरी सड़क झील के रूप में तब्दील हो जा रही है। इस दौरान आवागमन करने वालों की परेशानी और भी बढ़ जा रही है। इसको लेकर मुहल्लावासियों में रोष गहराता जा रहा है। उन्होंने बताया कि बार-बार ग्राम प्रधान से कहने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है। पानी फैलने से जहां आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं पानी से बदबू आने से संक्रामक बीमारियों का भय सता रहा है। लोगों ने समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए चेतावनी दिया कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो वह सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।