गाजीपुर। भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया। सभा में पार्टी के जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि दलितों पर सुनियोजित तरीके से किए गए हमले की घटना ने मोदी सरकार के दलित विरोधी चेहरे को उजागर कर दिया है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। उन्होंने सरकारी विफलता की दोषी फड़नवीस सरकार को बर्खास्त करने, घटना की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की।
धरना सभा में उन्होंने जिग्नेश मेवानी, उमर खालिद सहित अन्य दलित साथियों पर लादे गए मुकदमे वापस लेने की मांग की। कहा कि दलित दमन के खिलाफ आवाज उठाने वाली इंसाफ पसंद ताकतों पर मुकदमे लादे जा रहे हैं। सम्मान संविधान की रक्षा के लिए दलित आंदोलन तेज करेंगे। भाकपा के जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि देश में बढ़ते कृषि संकट, रोजगार की कटौती, शिक्षा के भगवाकरण के विरुद्ध उठ रही आवाज को दरकिनार करने के लिए केंद्र सरकार ने नफरत का माहौल बनाने के लिए दलितों एवं अल्पसंख्यकों पर सुनियोजित हमला करने की पूरी छूट दे रखी है। डॉ. रामानंद गौतम ने हमले के दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धरना सभा में राजेश वनवासी, डॉ. इकबाल अंसारी, मोती प्रधान, विजय बहादुर सिंह, सुरेश बिंद, धर्मचंद यादव, अमरनाथ, रामअवध, मनोज कुशवाहा ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता डॉ. रणवीर सिंह एवं संचालन योगेंद्र प्रताप भारती ने किया। इससे पहले विभिन्न नारों के साथ तुलसीसागर स्थित कार्यालय से मार्च निकाला गया जो विभिन्न रास्तों से होते हुए सरजू पांडेय पार्क में धरना में तब्दील हो गया।