दिलदारनगर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के खजुरी गांव स्थित कर्मनाशा नदी घाट से गुरुवार की देर रात कुछ असामाजिक तत्व पूजा का ईख उठा ले गए। इसका विरोध करने पर उन्होंने एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही घाट के आसपास गंदगी भी कर दी। शुक्रवार की सुबह जब व्रती महिला उगते सूर्य को अर्घ्य देने घाट पर पहुंची तो गन्ना गायब और गंदगी देखकर नाराज हो गई। अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं घाट पर ही धरने पर बैठ गईं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगी। इसकी जानकारी होते ही जमानिया एसडीएम मौके पर पहुंच गए और महिलाओं को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया।
व्रती महिलाएं छठ पर्व के अवसर पर गांव के बाहर स्थित कर्मनाशा नदी के घाट पर गुरुवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ईख नदी में ही छोड़कर घर लौट गईं। देर रात आधा दर्जन की संख्या में असामाजिक तत्व नदी घाट के किनारे पूजा के लिए बने वेदी के आसपास गंदगी करने के साथ नदी में छोड़ी गई ईख उठाकर ले जाने लगे। इस दौरान एक युवक की नजर पड़ी तो उसने आपत्ति जताई। इस पर असामाजिक तत्वों ने युवक को मारपीट घायल कर दिया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रती महिला जब भोर में घाट पर पहुंची तो ईख गायब देखकर शोर मचाने लगी। इसकी जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ईख बाजार से मंगवा कर व्रती महिलाओं को उपलब्ध कराया। जब व्रती महिलाएं पूजा के लिए घाट पर बनी वेदी के पास पहुंची तो गंदगी देखकर नाराज हो गईं और साफ-सफाई कीं। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर घाट पर ही बैठ गईं। पुलिस ने महिलाओं को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। इसकी जानकारी होते जमानिया एसडीएम मौके पर पहुंच गए और समझा-बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर व्रती महिलाओं ने धरना समाप्त किया। उधर पुलिस ने ताबड़-तोड़ छापेमारी कर गांव के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी जमानिया आरबी सिंह ने बताया कि युवकों ने घाट से गन्ना उठाने के साथ गंदगी भी फैलाई थी। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है।