गाजीपुर। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर एवं उससे सटे कई ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न दूकानों से खाद्य पदार्थों के नौ नमूने लिए गए। टीम की इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों जनार्दन सिंह, मुकेश कुमार, गोपालचंद्र वर्मा, श्रीराम यादव की टीम ने विभिन्न स्थानों पर खाद्य पदार्थ की दूकानों की जांच की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आदर्श गांव, चोचकपुर, घूरन बाजार, नंदगंज, सहेड़ी, महाराजगंज, कठवा मोड़, सुसुंडी, फुल्लनपुर एवं रौजा स्थित विभिन्न दूकानों पर जांच की। इस दौरान सिंघाड़े के आटा के चार, साबूदाना 4 एवं फल का एक सहित कुल नौ नमूने लिए। उन्होंने त्योहार के इस मौसम में फल विक्रेताओं को हिदायत दिया है कि केले को पकाने में इथेफान एवं कार्बाइड का प्रयोग न करें। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।