करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर)। स्थानीय बाजार से मुख्य सड़क पर जाने वाला खड़ंजा मार्ग बारिश के पानी से लबालब भरा हुआ है। इस वजह से आवागमन करने वालों को फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। लोग पानी में घुसकर आने-जाने को विवश हैं। कई लोगों के घरों का दरवाजा भी पानी से घिरा हुआ है। इससे उनका घर से निकलना दूभर हो गया है। पानी के अंदर मौजूद गड्ढों की वजह से राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं।
बाजार जाने वाले मुख्य खड़ंजा मार्ग पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। इससे बारिश का मौसम आते ही लोगों की चिंता जल-जमाव की समस्या को लेकर बढ़ जाती है। लोगों को दो-चार दिन से लेकर सप्ताह भर तक जल-जमाव की समस्या झेलना पड़ता है। बुधवार की शाम हुई तेज बारिश के बाद यह मार्ग नदी के रूप में तब्दील हो गया। दूसरे दिन गुरुवार को भी घुठना भर पानी लगा रहा। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई। कोई दूसरा रास्ता न होने से मजबूरीवश पानी के बीच से लोगों को आवागमन करने के लिए विवश होना पड़ा । दर्जनों लोगों के मकान के दरवाजे भी पानी से घिरे रहे। जिनका दरवाजा नीचे था, उनके घर में भी पानी घुस गए। इससे लोगों की खूब फजीहत हुई। छोटे-छोटे बच्चों का भी पानी के बीच से आवागमन होता है। पानी के बीच से गुजरने के दौरान लोगों में इस बात का भी भय बना रहा कि कही ऐसा न हो कि पानी के अंदर मौजूद कोई जहरीला जंतू उन्हें काट न ले। रामअवतार जायसवाल, रामगोविंद, मनोज आदि ने बताया कि बारिश का मौसम आते ही लोगों को इस बात की चिंता सताने लगती है कि इस मार्ग पर जल-जमाव की समस्या से जूझना पड़ेगा। दो दिनों से पानी लगने की वजह से आवागमन करना काफी कष्टदायक साबित हो रहा है। बावजूद इसके न तो प्रशासन हम लोगों की समस्या सुन रहा है और न ही जनप्रतिनिधि। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्या के समाधान की मांग की।