दिलदारनगर (गाजीपुर)। शनिवार की देर रात फुल्ली गांव के पास 33 हजार केबिल में आए फाल्ट की वजह से विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांव की बत्ती पूरी रात गुल रही। इसकी वजह से भीषण गर्मी में जहां लोग सो नहीं पाए। वहीं सुबह पानी के लिए हाहाकार मचा रहा। लोगों ने पसीना बहाते हुए इधर-उधर से थोड़ा-बहुत पानी की व्यवस्था कर काम चलाया। रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
दिलदारनगर विद्युत उपकेंद्र से दिलदारनगर बाजार, दिलदारनगर गांव, फत्तेहपुर, पचोखर, कुसुमपुर, भक्सी, बहुअरा, करमा सहित दर्जनों गांव की विद्युत आपूर्ति होती है। शनिवार की रात करीब नौ बजे फुल्ली गांव के पास 33 हजार केबिल में फाल्ट होने से दिलदारनगर विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई। इससे उपकेंद्र से संबंधित दर्जनों गांव की बत्ती गुल हो गई। आपूर्ति बंद होते ही उमस और गर्मी की वजह से लोगों की बेचैनी बढ़ गई। लोगों ने सोचा कि शायद कहीं फाल्ट हुआ होगा और अब-तब आपूर्ति शुरू हो जाएगी। गर्मी में करवट बदलते हुए लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। जिन लोगों ने इन्वर्टर लगा रखा था, वह भी निर्धारित समय तक चलने के बाद बंद हो गए। छोटे-छोटे बच्चे गर्मी से बिलखते रहे। परेशानियों के बीच बिजली का इंतजार करते-करते रात बीत गई और सुबह सूरज निकल गया, लेकिन बिजली का दर्शन नहीं हुआ। सुबह होते ही पानी को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई। लोगों ने घर के आसपास स्थित हैंडपंपों और कुओं से किसी तरह से थोड़ा-बहुत पानी की व्यवस्था कर काम चलाया। लोग बार-बार उपकेंद्र और अधिकारियों का मोबाइल मिलाकर यह पता लगाते रहे कि कब तक आपूर्ति शुरू होगी। सुबह साढ़े आठ बजे से सप्लाई शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
फुल्ली गांव के पास शनिवार की रात करीब नौ बजे 33 हजार केबिल में फाल्ट आ गया। इसकी वजह से दिलदारनगर विद्युत उपकेंद्र से संबंधित दर्जनों गांव की बत्ती गुल हो गई। फाल्ट को दुरुस्त कर रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे आपूर्ति सुचारु हुई। - अमित कुमार, एसडीओ