गाजीपुर। ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर वर्षों से आवागमन करने वाले फजीहत का सामना कर रहे हैं। सड़क के नाम पर हर कदम बड़े-बड़े गड्ढे के साथ गिट्टी और मिट्टी दिखाई दे रही है। इस सड़क पर कई लोग हादसे का शिकार होकर जहां अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं गड्ढों में वाहन के फंसने से घंटों जाम लगना आम बात है। सडकक का निर्माण कार्य तो चार माह से चल रहा है, लेकिन जिस रफ्तार से निर्माण कार्य चल रहा है, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अभी महीनों इस मार्ग पर आवागमन करने वालों को सड़क की खस्ताहाली की परेशानी झेलनी पड़ेगी।
ताड़ीघाट-बारा मार्ग यूपी-बिहार को जोड़ता है। इस सड़क के महत्व का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसी के जरिए रेशम, कोयला, गिट्टी, बालू, सरिया, लकड़ी, मिट्टी एवं अन्य खनिज वस्तु समेत व्यवसायिक चीजों को ट्रकों एवं अन्य वाहनों के जरिए जिले के अलावा गैर जनपदों में पहुंचाने का काम किया जाता है। यह सड़क दो ब्लाक रेवतीपुर एवं भदौरा को जोड़ने के अलावा सेवराई तहसील को भी जोड़ती है। यही नहीं तीन विधानसभा जंगीपुर, मुहम्मदाबाद, जमानिया और दो लोकसभा गाजीपुर, बलिया से होकर गुजरती है। इसके बावजूद यह सड़क वर्षों से खस्ताहाल रहते हुए आवागमन करने वालों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। चार माह से भदौरा की तरफ से सड़क का निर्माण कार्य शुरु किया गया है, लेकिन निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। लोगों का कहना है कि जिस रफ्तार से काम हो रहा है, उससे तो सड़क की दशा सुधरने में महीनों लग जाएगा।
ताड़ीघाट-बारा मार्ग निर्माण के लिए 238 करोड़ का प्रोजेक्ट है। सड़क का निर्माण चल रहा है। गिट्टी, बालू और सरिया मिलने में दिक्कत होने से निर्माण कार्य में तेजी नहीं आ पा रही है। काम को तेज करने का प्रयास जारी है। वेदनारायण, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण खंड प्रथम