दुल्लहपुर। जखनिया विकासखंड क्षेत्र के तालगांव मोलनापुर गांव में बुधवार को दोपहर करीब 2 बजे आग लग गई। बेसो नदी किनारे स्थित बगीचे और झाड़ियों में अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आग से 100 पेड़ जल गए। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर और पेड़ों की टहनियों की मदद से काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। ग्रामीण पिंकू पांडेय ने बताया कि आग की चपेट में आकर बगीचे के लगभग 100 पेड़ जलकर राख हो गए। वहीं जखनिया उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। किसानों को हुए नुकसान का आंकलन कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।