पावर कारपोरेशन ने शनिवार (19 मार्च) रात 8:30 से 9:30 तक एक घंटे के लिए गैर जरूरी बिजली उपकरण बंद रखने की अपील की है। लोगों को बढ़ते प्रदूषण के प्रति जागरूक करने और धरती बचाने के लिए हर वर्ष एक घंटे के लिए अर्थ ऑवर मनाया जाता है।
इससे प्रदूषण कम होने के साथ ही बिजली की बचत होती है। इस अभियान से लोगों में बिजली बचाने की भावना जाग्रत की जाती है। पावर कारपोरेशन ने लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को एक घंटे के लिए अपने घरों-प्रतिष्ठानों की लाइट बंद करने की मांग की है।
कारपोरेशन के एसई एसबी यादव ने बताया कि उपभोक्ताओं को अर्थ ऑवर के प्रति जागरूक करने के लिए मैसेज भेजे जा रहे हैं। पहले एक घंटे का पावर कट रखने की तैयारी थी, लेकिन इससे आवश्यक सेवाओं की सप्लाई बंद होने का डर था।
इसके साथ ही आयोजन का मुख्य भाव लोगों की सोच में बदलाव लाना है। इसके लिए लोगों को जागरूक करके स्वेच्छा से सप्लाई बंद कराई जाएगी। एमडी ने पश्चिमांचल के सभी जनपदों को इसका आदेश भेज दिया है। लाखों उपभोक्ताओं को ई-मेल से भी इसकी जानकारी दी गई है।
जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर धरती के प्रति हम सबकी जिम्मेदारी बनती है। इस बार अर्थ ऑवर गाजियाबाद-दिल्ली के अलावा मुंबई, लॉस एंजिलिस, लंदन, हांगकांग, सिडनी, रोम मनीला, सिंगापुर और दुबई समेत विश्व के 6000 शहरों में वहां के समयानुसार रात 8:30 से 9:30 बजे तक मनाया जाएगा।
अर्थ ऑवर वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफएन) का सालाना कार्यक्रम है, जिसके तहत दुनिया भर के लोगों से अपील की जाती है कि वे जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए गैरजरूरी लाइट्स और बिजली चालित उपकरणों को बंद रखें।