गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में लाने के लिए और प्रसव के बाद घर पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस की व्यवस्था और भी मजबूत कर दी गई है। गाजियाबाद में पहले से ही 102 सेवा की 12 एंबुलेंस के सफल संचालन के बाद अब इसी सेवा की पांच नई एंबुलेंस का तोहफा मिला है। सभी नई एंबुलेंस को 15 मार्च को जनपद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर फ्लैग ऑफ कराया जाएगा।
शासन द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों को मिलाकर कुल 308 एंबुलेंस प्रदान की जा रही है। इसके तहत गाजियाबाद को पांच नई एंबुलेंस दी गई है। गाजियाबाद में पहले से 12 एंबुलेंस हैं, जो शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात हैं।
हालांकि कई ऐसे स्थान हैं, जहां एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। नए पांच और एंबुलेंस मिलने से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी अस्पताल लाना सहज हो जाएगा। अगर कोई बच्चा बीमार है तो 102 एंबुलेंस के जरिए बच्चे को अस्पताल लाया जाता है और इलाज के बाद बच्चे को घर भी छोड़ा जाता है।
पांच और एंबुलेंस मिलने के बाद अब जनपद में कुल 17 एंबुलेंस हो हो गए हैं। शासन द्वारा आदेश हैं कि सभी जनपद 15 और 16 मार्च समाजवादी विकास दिवस से पहले सभी जनपदों को उपलब्ध करा देना है और 15 मार्च को जनपद स्तर पर मुख्य अतिथि को बुलाकर फ्लैग ऑफ कराना होगा।
सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार एंबुलेंस को फ्लैग ऑफ करके रवाना किया जाएगा।