फेसबुक प्रोफाइल की कवर पिक्चर पर ‘शादी है बर्बादी’ लिखने पर एक शादी टूटने के कगार पर पहुंच गई है। पति का फेसबुक प्रोफाइल देखकर पत्नी ने तलाक मांगा है, जबकि पति का कहना है कि उसने तो मजाक में ऐसा लिख दिया था।
पत्नी को दुख पहुंचाने की उसकी मंशा नहीं थी। मामला काउंसलिंग के लिए महिला थाने में पहुंचा है। बुलंदशहर निवासी युवक की शादी 27 अप्रैल 2015 को इंदिरापुरम निवासी युवती से हुई थी। दोनों प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। सबकुछ ठीक चल रहा था।
पिछले दिनों ने पत्नी ने जब पति का फेसबुक प्रोफाइल चेक किया पति ने एफबी प्रोफाइल की कवर पिक्चर अपनी शादी की फोटो डालकर लिखा था ‘शादी है बर्बादी।’ बस इसको लेकर दोनों में पहले कहासुनी हुई। फिर मामला इस कदर बढ़ गया कि पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत कर दी।
एसएसपी ने महिला थाने को जांच करने के निर्देश दिए। महिला थानेदार अंजू तेवतिया ने बताया कि दोनों पक्षों का काउंसलिंग में पता चला कि झगड़े की वजह एफबी की वह कवर पिक्चर है। पति से पूछा गया तो बताया कि उसने मजाक में ऐसा लिखा था, जबकि पत्नी का कहना था कि पति शादी को बर्बादी समझता है, इसलिए ऐसा लिखा है।
वह उसे परेशान करता है। दहेज की खातिर उत्पीड़न करता है। महिला थाने की एसएचओ ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलह के लिए उनकी काउंसलिंग की जा रही है।