आपदा के वक्त जोखिमों को कम से कम करने और आम लोगों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से एनडीआरएफ कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम चलाएगी। हरियाणा के झज्जर में अगले सप्ताह से कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम की शुरुआत होगी।
प्रोग्राम में एनडीआरएफ की ओर से आपदा राहत और बचाव कार्य से जुड़े विशेष व्याख्यान और प्रशिक्षण प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे। प्रोग्राम का उद्देश्य किसी भी आपदा के वक्त आम जनमानस को जागरूक कर उनकी सहभागिता बढ़ाना है।
कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम झज्जर के स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय प्रशासन के साथ सिविल डिफेंस, स्थानीय एनजीओ, फायर सर्विस, पुलिस आदि को भी शामिल किया जाएगा।
झज्जर के विभिन्न क्षेत्रों और संस्थानों में विशेष लेक्चर और ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मॉक ड्रिल के जरिए राहत-बचाव कार्य की जानकारी भी दी जाएगी। कमांडेंट पीके श्रीवास्तव ने बताया कि नेशनल लेवल के कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम का मकसद लोगों को आपदा से निपटने के लिए तैयार करना है।