फैक्ट्री में कार्यरत कर्मियों में भगदड़ मची
दमकल की छह गाड़ियों ने पाया काबू
मोदीनगर। हापुड़ रोड गदाना गांव के पास स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में रविवार शाम अचानक आग लग गई। आग देख फैक्ट्री में कार्यरत कर्मियों में भगदड़ मच गई और चार कर्मी आग में झुलस गए। बताया जाता है कि आनन-फानन में फैक्ट्री मालिक झुलसी एक महिला समेत चार लोगों को अस्पताल ले गया है। उधर, सूचना पर पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मोदीनगर, मुरादनगर, मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद की छह दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है। वहीं झुलसे लोगों को कहां भर्ती कराया गया है, यह पता नहीं लग सका है।
एसएचओ होम सिंह यादव ने बताया कि हापुड़ रोड पर सब्जी मंडी के पास केमिकल की फैक्ट्री है। फैक्ट्री को सीकरी खुर्द गांव निवासी यशपाल गुर्जर चलाते हैं। रविवार शाम करीब पांच बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और फैक्ट्री में कार्यरत कर्मियों में भगदड़ मच गई। बताया जाता है कि आग की चपेट में आकर एक महिला और चीन व्यक्ति झुलस गए हैं जिन्हें फैक्ट्री मालिक आनन-फानन में किसी अस्पताल में ले गया है। सूचना पर मोदीनगर, मुरादनगर, मेरठ परतापुर, हापुड़, साहिबाबाद से छह दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसएचओ का कहना है कि आग में झुलसे लोगों में जलालाबाद निवासी पुष्पेंद्र, फजलगढ़ निवासी अरविंद और शकूरपुर निवासी संदीप हैं। महिला के नाम का पता नहीं चल सका है। पुलिस जानकारी जुटाने में जुटी है। इसके अलावा फैक्ट्री में किस तरह का केमिकल बनता था, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है।