गाजियाबाद/नई दिल्ली। एनसीआर में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए डीएम ने सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में 10 जनवरी तक छुट्टी के आदेश दिए हैं। आदेशों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सरकारी स्कूलों में पहले से ही दस जनवरी तक की छुट्टी थी। लेकिन कुछ पब्लिक स्कूल खुल रहे थे। वहीं, पटेल मार्ग की सीमा गोस्वामी और कविनगर की गीता गुप्ता ने डीएम के निर्णय पर खुशी जतायी है।
बीएसए डा. प्रवेश यादव ने बताया कि यदि किसी स्कूल में क्लास लगाए जाएंगे तो उन पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। इंडिपेंडेंट स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष सुभाष जैन ने कहा कि वे लोग डीएम के निर्देश से सहमत हैं। दूसरी ओर राजधानी में कोहरे और शीतलहर के चलते शिक्षा निदेशालय ने 11 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद करने का निर्देश जारी किया है। स्कूलों को सरकार की ओर से 11 फरवरी 2013 को जारी किए गए एकेडमिक कैलेंडर को मानने को भी कहा गया है।