गाजियाबाद। वाटर लाइन से जलापूर्ति को तरस रहे दुहाई और मोरटा के हजारों घरों में भी पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंचेगा। केंद्र सरकार की मदद से एनएच-58 से सटी महानगर की सात बड़ी कालोनियों में 82.62 करोड़ की लागत से पेयजल योजना परवान चढ़ेगी। जल निगम ने नगर निगम से नलकूपों और ओवरहेड टैंक के लिए जमीन उपलब्ध कराने की एनओसी के साथ ही केंद्र सरकार की सहमति ले ली है। योजना से करीब 4 लाख की आबादी को राहत मिलेगी।
जल निगम की डिविजन- प्रथम ने नंदग्राम, सिहानी, नूरनगर, मोरटा, दुहाई, घूकना, सेवा नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए 30 नलकूपों और 8 ओवरहेड टैंक वाले इस प्रोजेक्ट की डिजाइन तैयार की है। प्रोजेक्ट करीब तीन महीने पहले ही केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेज दिया था। केंद्र सरकार ने प्रोजेक्ट पर कुछ आपत्तियां लगाई थीं। जल निगम के अधिकारियों ने आपत्तियों का जवाब दिया तो केंद्र सरकार ने योजना को सहमति दे दी। जल निगम के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि योजना लखनऊ में व्यय वित्त कमेटी के पास भेजी गई है। उम्मीद है कि 15-20 नवंबर तक कमेटी से पैसा स्वीकृत हो जाएगा।