लोनी । तीन सप्ताह पूर्व काशीपुर जाते समय रास्ते से गायब हुए गैस टेंकर के चालक और क्लीनर की दो बदमाशों ने हत्या कर शव गजरौला के पास गंगा में फेंक दिए थे। पुलिस को गिरफ्तार दोनों बदमाशों से लूट और हत्या का पता चला। पुलिस गंगा में शवों की तलाश कर रही है।
बसंत एंक्लेव दिल्ली निवासी गंर्धव यादव का गैस टैंकर लोनी के गैस प्लांट में लगा हुआ है। 15 अक्तूबर को टैंकर लोनी के आईओसीएल गैस प्लांट से करीब 18 टन गैस भरकर काशीपुर के लिए रवाना हुआ था। कुछ दिन बाद खाली टैंकर बुलंदशहर से बरामद हुआ था, लेकिन चालक दीपक और क्लीनर बिल्लू गायब थे। टैंकर मालिक की बहन रिया ने चालक पर मुकदमा दर्ज कराया था। लोनी पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि रास्ते में एक गैंग ने टैंकर लूटा था। पुलिस ने गैंग के नरेंद्र और हरेंद्र निवासी गजरौला को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया है कि टैंकर से गैस चोरी करने के बाद उन्हाेंने 17 अक्तूबर को ही दीपक और बिल्लू की गोली मारकर हत्या कर दी थी और शव गंगा में फेंक दिए थे।