मोदीनगर/मुरादनगर। शोभापुर गांव में वेदप्रकाश के मकान में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस को चंदर नामक व्यक्ति की तलाश है। चंदर आतिशबाजी बनाने का काम करता है और धमाके से पूर्व चंदर ने ही वेदप्रकाश के घर में आतिशबाजी से भरा बोरा रखा था। उधर, सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने अभी तक बरामद विस्फोटक सामग्री जांच के लिए लैब में नहीं भेजा है।
शोभापुर गांव निवासी वेदप्रकाश के मकान में पांच नवंबर को धमाका हुआ था। जिसमें उसके बेटे सुशील और धेवती की मौत हो गई थी एवं पत्नी ओमवती और बेटी रेखा घायल है। शुरूआत में सिलेंडर फटने को धमाके का कारण बताया गया था। जांच में फटे गैस सिलेंडर के अवशेष न मिलने पर पुलिस धमाके की वजह तलाशने में जुटी है। एसओ आरपी शर्मा का कहना है कि जांच में आतिशबाजी से धमाका होने का पता चला है। कस्बे का चंदर नामक व्यक्ति आतिशबाजी बनाने का काम करता है। वह वेदप्रकाश को जानता था। पांच नवंबर को चंदर ने वेदप्रकाश के मकान में आतिशबाजी से भरा बोरा रखा था। एसओ का कहना है कि धमाके के बाद से चंदर फरार है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि बरामद विस्फोटक सामग्री अभी तक जांच के लिए लैब नहीं भेजी गई है।